पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। तेज हवाएं चलने और बादल छाए रहने से तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का अधिकतम तापमान अब सामान्य से 2.3 डिग्री कम हो गया है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 26 जून तक पंजाब के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार जून महीने में अब तक पंजाब में सामान्य से 28 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि नवांशहर, लुधियाना और तरनतारन जैसे कुछ जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 26 जून तक राज्य में मौसम बदलता रहेगा और तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।