कनाडा में अलग-अलग आपराधिक मामलों में पंजाबी मूल के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। ब्रैम्पटन में एक युवक पर महिला का यौन शोषण और मानव तस्करी का आरोप लगा है, जबकि सरे में दूसरे युवक को जबरन वसूली और घर पर फायरिंग करने के मामले में पकड़ा गया है।
पील रिजनल पुलिस ने ब्रैम्पटन निवासी 23 साल के कबीर जांगड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कबीर ने साल 2025 में एक महिला से संपर्क कर उसे अपने झांसे में लिया और बाद में जबरन देह व्यापार में धकेल दिया। आरोपी ने महिला को करीब पांच महीने तक अपने नियंत्रण में रखा और उससे अवैध तरीके से कमाई करता रहा।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने ग्राहकों की तलाश के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन भी जारी किए थे। अप्रैल में पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला को बंधक बनाकर उससे जबरन देह व्यापार करवाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और 24 अप्रैल को कबीर जांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पील रिजनल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मानव तस्करी, तस्करी से लाभ कमाने और यौन सेवाओं के विज्ञापन जारी करने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस नेटवर्क से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वे पुलिस से संपर्क करें।
वहीं, सरे पुलिस सर्विस ने 27 साल के जसकरण सरोय को जबरन वसूली और एक घर पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक तड़के करीब 2:52 बजे 94A एवेन्यू और 127 स्ट्रीट के पास एक घर पर गोलियां चलाई गई थीं। घटना के समय परिवार घर के अंदर मौजूद था, हालांकि किसी को चोट नहीं आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरे पुलिस की एक्स्टॉर्शन रिस्पांस टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। बाद में कोर्ट से सर्च वारंट हासिल कर पुलिस ने विशेष टीम के साथ सरे के एक घर में छापेमारी की और मुख्य आरोपी जसकरण सरोय को गिरफ्तार कर लिया।