जालंधर हाईवे पर स्थित काला बकरा रोड पर बुधवार सुबह घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे टायर बदल रहे एक ट्रक को पीछे से आ रहे बजरी से लदे टिप्पर ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
बजरी से लदे टिप्पर ने खड़े ट्रक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, ट्रक पठानकोट से जालंधर की ओर जा रहा था। काला बकरा के पास ट्रक का टायर फट गया, जिसके बाद चालक ने सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर टायर बदलना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से आ रहे बजरी से लदे टिप्पर ने खड़े ट्रक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होकर सड़क के बीचों-बीच रुक गए। इससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और सड़क के बीच खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल किया। इसके साथ ही थाना काला बकरा की पुलिस को भी सूचना दी गई।थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।



