मोगा-कोटकपूरा रोड पर बाघापुराना मंडी के बाहर आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे में जालंधर निवासी महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब जालंधर से राजस्थान जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही समाज सेवा सोसायटी मोगा के सदस्य मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत मोगा के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने 30 साल की देविया देवी पत्नी नारायण को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतका के पति जालंधर में मिठाई का कारोबार करते हैं। देविया देवी तीन छोटे बच्चों की मां थीं। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।