जालंधर के सूर्य एनक्लेव इलाके में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सुनसान घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित जसबीर सिंह, जो बीएमसी चौक के पास रोटी की रेहड़ी लगाते हैं, दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच अपनी दुकान पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर में सेंध लगाकर दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का सेट, लगभग 7 से 8 तोले चांदी और 70 से 75 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रामा मंडी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।