जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग से सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। तकनीकी खराबी के कारण गोंडोला सेवा (केबल कार) अचानक बीच हवा में रुक गई, जिससे करीब 300 पर्यटक अलग-अलग ट्रॉलियों में फंस गए।
जानकारी के मुताबिक, पर्यटक रोज की तरह गोंडोला राइड का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक केबल कार सेवा बाधित हो गई। शुरुआत में लोगों को इसकी वजह समझ नहीं आई, लेकिन लंबे समय तक सेवा बंद रहने के कारण पर्यटकों में घबराहट फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके कारण कई लोग घबराकर रोने लगे।
अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते कई केबल कारें बीच रास्ते में ही रुक गईं, जिससे सैकड़ों लोग हवा में फंसे रहे। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
SDRF और NDRF की टीमें जांच में
SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचकर पर्यटकों को सुरक्षित निकालने में जुट गईं। फिलहाल गोंडोला सेवा बंद कर दी गई है और तकनीकी टीम खराबी को ठीक करने में लगी हुई है।