ख़बरिस्तान नेटवर्क : यूपी के वृंदावन में यमुना नदी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद लगातार शव बरामद हो रहे हैं। इसी कड़ी में अब 15वां शव मिला है, जिसकी पहचान 24 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में डर और शोक का माहौल बना हुआ है।
लुधियाना की बहू थी मोनिका
मृतका मोनिका मूल रूप से हरियाणा के जिला अंबाला की रहने वाली थी। वह नारायणगढ़ तहसील के गांव खानपुर राजपूताना की निवासी थी। मोनिका के भाई ने जानकारी दी कि सुबह के वक्त जब तलाशी अभियान चल रहा था, तब प्रशासन को मोनिका का पार्थिव शरीर मिला। इसके तुरंत बाद ही परिजनों को इस अनहोनी की सूचना दी गई। इस खबर के पहुंचते ही पूरे गांव खानपुर राजपूताना में शोक की लहर दौड़ गई है और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
6 महीने पहले ही हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि मोनिका की शादी करीब 6 महीने पहले लुधियाना के दुगरी फेज-2 में हुई थी। शादी के बाद परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पार्थिव शरीर को हरियाणा स्थित उसके पैतृक गांव ले जाया जा रहा है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।