पंजाब के पठानकोट चौक के पास एक हैरान कर देने वाला चोरी का मामला सामने आया है, जहां मदद के बहाने आए लोगों ने एक यात्री को लूट लिया। पीड़ित व्यक्ति जम्मू का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसकी कार रास्ते में अचानक खराब हो गई।
जानकारी के अनुसार, जब नरिंदर सिंह सड़क किनारे खड़ा होकर मदद का इंतजार कर रहा था, तभी एक युवक वहां पहुंचा। उसने खुद को मददगार बताते हुए पीड़ित को पानी पिलाया और बातों में उलझा लिया। इसी दौरान युवक चुपचाप उसका मोबाइल फोन चोरी कर मौके से फरार हो गया। पीड़ित नरिंदर को मोबाइल गायब होने का एहसास तब हुआ, जब वह युवक वहां से जा चुका था।
अभी पीड़ित इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि कुछ देर बाद एक महिला वहां पहुंची। उसने भी मदद का नाटक किया और कार के अंदर झांकते हुए गाड़ी में रखा लैपटॉप उठाकर फरार हो गई। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित कुछ समझ ही नहीं पाया।
पीड़ित ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क पर अनजान लोगों से मदद लेते समय सतर्क रहें और कीमती सामान हमेशा अपने पास सुरक्षित रखें। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मदद के नाम पर भी अपराधी लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।



