कपूरथला के फगवाड़ा में तैनात एसपी माधवी शर्मा के आवास पर चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में घर पर ड्यूटी कर रही होमगार्ड की महिला कर्मचारी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी पलविंदर सिंह ने की है।
जानकारी के अनुसार, एसपी माधवी शर्मा की माता संतोष कुमारी, निवासी गिलको ग्रीन, होशियारपुर रोड, फगवाड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी फगवाड़ा में एसपी के पद पर तैनात हैं। उनके घर में होमगार्ड महिला कर्मचारी मनजीत कौर की ड्यूटी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक लगी हुई थी।
संतोष कुमारी ने बताया कि मनजीत कौर लंबे समय से उनके घर में तैनात थी, जिसके चलते परिवार को उस पर पूरा भरोसा था। लेकिन जब उन्होंने अपनी अटैची की जांच की तो उसमें से 20 हजार रुपये नकद, सोने की चार चेन, तीन अंगूठियां, एक जोड़ी टॉप्स, डायमंड के दो पेंडेंट और 200 कैनेडियन डॉलर गायब मिले।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब इस संबंध में मनजीत कौर से पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इसके बाद उन्हें उस पर चोरी का संदेह हुआ और पुलिस को शिकायत दी गई।
शिकायत के आधार पर फगवाड़ा पुलिस ने आरोपी महिला कर्मचारी मनजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी पलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।