पंजाब के समराला क्षेत्र से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां गांव भंगला में छोटे भाई की मौत का सदमा बड़े भाई के लिए भी जानलेवा साबित हुआ। छोटे भाई के निधन के कुछ घंटों बाद बड़े भाई की भी मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गुरजीत गिल पिछले करीब छह महीनों से कैंसर से पीड़ित था और पीजीआई में उसका इलाज चल रहा था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने परिवार को उसे घर ले जाकर देखभाल करने की सलाह दी थी। परिवार उसे घर ले आया, जहां गुरुवार शाम उसने अंतिम सांस ली।
बताया जा रहा है कि उस समय उसका बड़ा भाई गुरदीप गिल खेत में धान की फसल की तैयारी के लिए ट्रैक्टर से काम कर रहा था। जैसे ही उसे छोटे भाई की मौत की सूचना मिली, वह तुरंत घर पहुंचा और भाई के निधन से बुरी तरह टूट गया। वह काफी देर तक रोता रहा।
परिजनों ने उसे समझाकर आराम करने के लिए सुला दिया, लेकिन देर रात करीब 2 बजे जब परिवार ने उसे जगाने की कोशिश की तो वह नहीं उठा। डॉक्टर को बुलाकर जांच करवाई गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
एक ही घर से दो सगे भाइयों की अर्थियां उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव भंगला और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।