अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग का असर अब पंजाब और चंडीगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में कुकिंग गैस की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हो गई है। दो दिन पहले तक केवल कॉमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी बंद थी, लेकिन अब कई जिलों में घरेलू गैस सिलेंडर भी लोगों को नहीं मिल रहे हैं।
लाइन में लगे बुजुर्ग की मौत
बरनाला जिले के गांव शैहना में गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे 66साल के बुजुर्ग भूषण कुमार मित्तल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह सुबह करीब दो घंटे से गैस एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े थे। इंतजार के दौरान अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वही दूसरी तरफ अमृतसर के इस्लामाबाद इलाके में देश भगत गैस एजेंसी पर सिलेंडर को लेकर मैनेजर और एक ग्राहक के बीच झड़प हो गई। वहीं सिलेंडर न मिलने पर एक बुजुर्ग महिला रो पड़ी।लुधियाना में शांति नगर निवासी रमेश कुमार ने बताया कि वह एक परिचित के घर से सिलेंडर लेकर लौट रहे थे। रास्ते में एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने उनका सिलेंडर छीन लिया।
गैस संकट के चलते कई जगह लोगों को मजबूरी में कोयले और लकड़ी के चूल्हे जलाने पड़ रहे हैं। उधर, पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने कहा है कि सरकार ने इस समस्या से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम कर दिए हैं और लोगों से घबराने की बजाय धैर्य रखने की अपील की है। कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह धालीवाल ने बुजुर्ग की मौत के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।