ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के मोहाली में एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने एक विदेशी महिला को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद महिला करीब 10 फुट हवा में उछलकर गिर गई। जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान मावलूदा के रूप में हुई है।
तुर्की की रहने वाली थी महिला
जानकारी के मुताबिक रात करीब 12 बजे के पास मावलूदा अपने दोस्त के साथ सड़क को क्रॉस करने की कोशिश कर रही थी। अभी उसने सड़क क्रॉस भी नहीं की थी कि तभी तेज रफ्तार ऑडी आ गई और उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद आस-पास के लोग तुरंत उसके पास पहुंचे और अस्पताल में भर्ती करवाया। पर खून अधिक बह जाने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के देरी से पहुंचने पर लोग गुस्सा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। हालांकि, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे उनमें नाराजगी देखी गई। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डेराबस्सी के सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया।