जालंधर के लंबा पिंड चौक फ्लाईओवर के पास बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अरुण निवासी गुरु नानकपुरा के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार अरुण बाइक पर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार वेन्यू कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
चश्मदीद कपिल ने बताया कि वह कार में सवार होकर हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही वेन्यू कार ने सामने जा रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक तुरंत मौके से भाग निकला।
दूसरी ओर पास की दुकान के मालिक मनजीत कुमार ने भी बताया कि उनके सामने ही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही फरार कार चालक को पकड़ लिया जाएगा।