पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 14 मार्च से अगले चार दिनों के लिए राज्य में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 0.4 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य से लगभग 3.8 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले कई जिलों में तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया था, हालांकि अब सभी जगहों का तापमान इससे नीचे आ गया है।
नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा
मौसम विभाग के अनुसार आज से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर पहले पहाड़ी इलाकों में दिखाई देगा। इसके प्रभाव से पंजाब में भी मौसम बदलने की संभावना है और कई स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मार्च महीने में सामान्य तौर पर पंजाब में 11.9 मिमी बारिश दर्ज की जाती है, लेकिन इस बार अब तक केवल 0.4 मिमी बारिश ही हुई है। यानी राज्य में औसत वर्षा सामान्य से करीब 97 प्रतिशत कम रही है।
जिलावार आंकड़ों के मुताबिक गुरदासपुर में 2.7 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 87 प्रतिशत कम है। अमृतसर में 2.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 86 प्रतिशत कम है। वहीं पठानकोट में 1.9 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 94 प्रतिशत कम रही। होशियारपुर में 0.5 मिमी और तरनतारन में 0.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से काफी कम है।
इसके अलावा बरनाला, बठिंडा, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और संगरूर समेत कई जिलों में अभी तक बिल्कुल भी बारिश दर्ज नहीं हुई है, जो सामान्य के मुकाबले 100 प्रतिशत कमी को दर्शाती है।
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
15 और 16 मार्च को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना और पटियाला में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 17 मार्च को पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।