जालंधर में अस्पताल जा रहे दो युवकों पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में 24 साल के सिमरजीत सिंह उर्फ पप्पू की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे 11 जून को हुई कहासुनी और मारपीट की घटना मुख्य कारण हो सकती है। भार्गव कैंप थाना पुलिस के अनुसार, 5 से 7 हमलावरों ने मिलकर इस हमले को अंजाम दिया। पुलिस ने कुछ आरोपियों की पहचान कर ली है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
अस्पताल जाते समय रास्ते में घेरा
चश्मदीदों के मुताबिक, 11 जून को राहुल उर्फ कालू और उसके साथियों का सिमरजीत सिंह के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी पिटाई की गई थी। घायल सिमरजीत को 12 जून को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गुल्लू और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया।
अंधाधुंध फायरिंग में गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने युवकों को रोककर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से सिमरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक राजवीर (23) को भी निशाना बनाया गया, जिसका इलाज जारी है। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सिमरजीत सिंह की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पत्नी ईशा का रो-रोकर बुरा हाल है। चार साल पहले दोनों की शादी हुई थी और उनका डेढ़ साल का एक बेटा भी है। परिवार के अनुसार, सिमरजीत ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही भार्गव कैंप थाना प्रभारी राजइंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दे कि शुक्रवार को जालंधर में यह दूसरी बड़ी फायरिंग की घटना रही। इससे पहले शाम को किशनपुरा चौक स्थित चर्चित बीएमएस फैशन स्टोर पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलियां चलाई थीं।