जालंधर में आज भगवान शिव को समर्पित विशाल धार्मिक समागम ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ का आयोजन किया जाएगा। साईं दास स्कूल ग्राउंड में होने वाले इस कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता श्रद्धालु के रूप में शामिल होंगे।
इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन आप नेता दीपक बाली की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता से जोड़ेंगे। आयोजन शाम 6:30 बजे शुरू होगा, जिसमें जालंधर सहित आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
मंत्री मोहिंदर भगत और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली ने बताया कि यह समागम श्रद्धा, आस्था और संस्कृति का अनूठा संगम होगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं और पंजाब सरकार आयोजन को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
मेयर विनीत धीर, पंजाब सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन रमणीक सिंह रंधावा, सनातन सेवा समिति के प्रधान विजय शर्मा और राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
सनातन सेवा समिति के प्रधान विजय शर्मा ने कहा कि यह समागम पंजाब की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के साथ-साथ भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश भी देगा। हालांकि सरकार आयोजन में सहयोग कर रही है, लेकिन मुख्य रूप से यह कार्यक्रम स्थानीय मंदिर कमेटियों, संत-महंतों और जालंधर वासियों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।