ख़बरिस्तान नेटवर्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक नए विवाद में फंस गए हैं। दरअसल उन पर पुणे के एक वकील ने भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस को FIR दर्ज करने की मांग की है।
पुणे के वकील ने FIR की मांग की
पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में एडवोकेट वाजिद खान ने एक आवेदन देकर हार्दिक पांड्या के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की है। वकील का आरोप है कि हार्दिक पांड्या ने वर्ल्ड कप जीत के बाद जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज को अपने शरीर के चारों तरफ लपेट रखा था। जो राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है।
पांड्या पर तिरंगे की गरिमा का अपमान का आरोप
वकील के मुताबिक टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद हार्दिक पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ जश्न मना रहे थे। उस समय राष्ट्रीय ध्वज उनकी पीठ से बंधा हुआ था और वह उसी हालत में नाच रहे थे और मंच पर लेटे हुए दिखाई दिए। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है।