पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम में बड़ा बदलाव होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से अगले चार दिनों तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसको देखते हुए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
हालांकि शुक्रवार को मौसम ज्यादातर ड्राई रहने की संभावना है, लेकिन कई जगहों पर बादल छाए रह सकते हैं। पिछले 24 घंटों में पहाड़ी इलाकों से सटे जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई जिलों में तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। रूपनगर में 33.5 डिग्री, मोहाली में 32.7 डिग्री, पटियाला और फरीदकोट में 32.2 डिग्री, होशियारपुर और एसबीएस नगर में 31.5 डिग्री तथा लुधियाना में 30.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार 14 से 17 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले 48 घंटों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है, हालांकि इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
4 दिन बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
इस दौरान 14 मार्च को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। 15 मार्च को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, पटियाला, मोहाली और संगरूर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 16 मार्च को भी पठानकोट, होशियारपुर, मोहाली और रूपनगर में कुछ स्थानों पर अचानक बारिश, तूफान और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।