ख़बरिस्तान नेटवर्क : ओमान के तट के निकट गुरुवार को भारतीय क्रू वाले जहाज MT जलवीर पर हमला होने की खबर सामने आई है। हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिससे समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे कौन जिम्मेदार है।
घटना के बाद ओमान स्थित भारतीय एंबेसी ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
होर्मुज स्ट्रेट के पास एक और जहाज पर हुआ था हमला
इससे पहले बुधवार को होर्मुज स्ट्रेट के पास तेल टैंकर ‘MT सेत्तेबेल्लो’ पर हुए हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई थी। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि मृतकों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। अमेरिकी सेना का दावा था कि उक्त टैंकर ईरानी तेल लेकर जा रहा था और चेतावनियों की अनदेखी किए जाने के बाद उस पर कार्रवाई की गई।
एक सप्ताह में दूसरा मामला
यह इस सप्ताह दूसरा मामला है, जिसमें भारतीय क्रू वाले जहाज को निशाना बनाया गया है। इससे पहले सोमवार को तेल टैंकर ‘द मैरिवेक्स’ पर भी हमला हुआ था। उस जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे। उस घटना के बाद Royal Navy of Oman और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने सभी नाविकों को सुरक्षित बचा लिया था।
समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
लगातार हो रही घटनाओं ने ओमान तट और होर्मुज स्ट्रेट के आसपास समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। इस क्षेत्र से दुनिया के बड़े हिस्से में तेल और गैस की आपूर्ति होती है, ऐसे में जहाजों पर हमले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।