ख़बरिस्तान नेटवर्क : देश में धमकियां मिलने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह गुरुग्राम में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शहर के करीब 10 प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। इस खबर के फैलते ही स्कूल परिसरों में दहशत का माहौल बन गया और अभिभावक अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूलों की ओर दौड़ पड़े।
सुबह 8:33 बजे भेजे गए धमकी भरे ईमेल
पुलिस के अनुसार श्री राम, एमिटी और एचडीएफसी जैसे नामी स्कूलों समेत कई संस्थानों को सुबह करीब 8:33 बजे धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। उस समय तक स्कूलों में कक्षाएं शुरू हो चुकी थीं, जिन्हें तुरंत बीच में ही रोक दिया गया। स्कूल प्रशासन को करीब 9 बजे इन धमकियों की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने शुरू की तलाशी
सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों ने इमरजैंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिए और कई जगहों पर छुट्टी घोषित कर दी गई। अभिभावकों को तुरंत बच्चों को घर ले जाने के लिए बुलाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी गई। हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और बम निरोधक दस्ते भी अलर्ट पर हैं।
जांच जारी, सुरक्षा बढ़ाई गई
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।