पंजाब के मानसा जिले के रहने वाले राजिंदर सोनी की किस्मत एक 50 रुपए की लॉटरी ने बदल दी। कूलर बनाने का काम करने वाले राजिंदर ने पहली बार लॉटरी खरीदी और सीधे 15 लाख रुपए का बंपर इनाम जीत लिया।
राजिंदर सोनी अपने परिवार के साथ लुधियाना में रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। दुख भरे माहौल के बीच घर वापसी के दौरान उनके बेटे ने लॉटरी टिकट खरीदने की जिद की। बेटे के बार-बार कहने पर उनकी मां ने पंजाब स्टेट डियर 50 कोल्ड फ्राइडे वीकली लॉटरी के 50-50 रुपए के पांच टिकट खरीद लिए।
परिवार टिकट लेकर घर लौट आया। 12 जून की शाम करीब 6:30 बजे जब लॉटरी का परिणाम घोषित हुआ तो राजिंदर और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उनके एक टिकट पर 15 लाख रुपए का बंपर इनाम निकल आया।
राजिंदर सोनी की एक छोटी फैक्ट्री है, जहां वे कूलर बनाने का काम करते हैं। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटियां विशेष देखभाल की जरूरत रखती हैं और वह इस इनामी राशि का उपयोग उनकी दवाइयों और इलाज पर करेंगे।राजिंदर ने कहा कि उन्होंने इससे पहले कभी लॉटरी नहीं खरीदी थी। पहली ही बार में इतनी बड़ी राशि जीतना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।