जालंधर: शहरवासियों के लिए एक बेहद खास और खुशी की खबर सामने आई है। शहर के बीचों-बीच स्थित ऐतिहासिक क्लॉक टावर जो साल 1992 से बंद पड़ा था, अब एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। कल से इसकी घड़ी दोबारा समय बताती नजर आएगी और इसकी घंटी की गूंज फिर शहर में सुनाई देगी।
प्रबंधकों के अनुसार, बीच में कुछ समय के लिए इसे मरम्मत के बाद चालू किया गया था, लेकिन तकनीकी कारणों से यह ज्यादा समय तक नहीं चल सका। अब इसे सीटी इंस्टीट्यूट के विशेष सहयोग से पूरी तरह से रिस्टोर कर दिया गया है। कंपनी ने इसके कामकाज की वारंटी भी दी है।
क्लॉक टावर की खास बात यह है कि इसकी घंटी की आवाज करीब 2 से 3 किलोमीटर तक सुनाई देगी। हालांकि, पहले रात के समय आसपास रहने वाले लोगों को इसकी आवाज से परेशानी होती थी। इसे ध्यान में रखते हुए इस बार घंटी बजने का समय लोगों की सहमति के अनुसार तय किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक क्लॉक टावर का उद्घाटन कल पंजाब के पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा किया जाएगा। इसके बाद यह ऐतिहासिक घड़ी एक बार फिर जालंधरवासियों को समय बताना शुरू कर देगी और शहर की पुरानी यादें ताजा हो जाएंगी।