ख़बरिस्तान नेटवर्क : राजस्थान के अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। जहां एक चलती कार अचानक आग की चपेट में आ गई और कुछ ही पलों में पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान संतोष, उनकी पत्नी शशि, उनकी मां पार्वती, बेटी रागिनी और साक्षी के रूप में हुई है। सभी मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव के निवासी थे।
वैष्णो देवी दर्शन कर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार सभी मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले थे। वे हाल ही में माता वैष्णो देवी के दर्शन करके वापस अपने घर लौट रहे थे। यात्रा के लिए परिवार ने एक टैक्सी बुक की थी। कार एक्सप्रेस-वे से गुजर रही थी, उसमें अचानक आग लग गई।
बताया जा रहा है कि वाहन गैस और पेट्रोल दोनों से चलने वाला था। गैस रिसाव के कारण आग भड़की और देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल पाया।
टैक्स ड्राइवर 80 फीसदी झुलसा
कार चालक विनोद कुमार हादसे के दौरान वाहन से कूदने में सफल रहा, लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया। उसे पहले पास के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए जयपुर भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कार में सवार लोगों के केवल कंकाल ही बरामद हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।