ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में चाइना डोर पर पाबंदी के बाद भी यह आसानी से बिक रही है। जिस कारण आज लुधियाना के समराला में स्कूल से घर जा रहे छात्र की डोर से गला कटने के कारण मौत हो गई है। जैसे ही इस घटना का पता परिजनों को चला तो वह तुंरत अस्पताल पहुंचे, जहां सभी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
बेटे का शव देख मां हुई बेहोश
जैसे ही छात्र की मां अस्पताल पहुंची तो बेटे का शव देखकर वह फूट-फूट कर रोने लग पड़ी। बेटे का शव देख मां ने अपनी सुध-बुध सब खो दी और बेहोश हो गई। जिसके बाद उसे भी अस्पताल में भर्ती किया गया और ईलाज किया जा रहा है।
स्कूल से घर आते समय हुआ हादसा
मृतक के दादा जसपाल सिंह ने बताया कि उनका पोता शनिवार को बाइक लेकर स्कूल से घर आ रहा था। इसी दौरान भरतला गांव के पास उसके गले पर चाइना डोर लिपट गई। जिसके बाद वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। लोगों ने जब उसे अस्पताल पहुंचाया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
प्रशासन के ऊपर उठाए सवाल
दादा जसपाल सिंह ने बताया कि समराला में चाइना डोर सरेआम बिकती है लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता। इससे पहले भी कई लोग चाइना डोर की चपेट में आने से घायल हुए हैं बावजूद इसके इस डोर को बंद करवाने के लिए कोई पुख्ता कदम नहीं उठाया जा रहा।