पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने राज्य के 10 जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसा, संगरूर, बरनाला, पटियाला, बठिंडा, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, होशियारपुर, गुरदासपुर और पठानकोट के कुछ हिस्सों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। इस बीच पठानकोट में बारिश शुरू हो चुकी है, जबकि जालंधर समेत कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण मौसम में बदलाव
मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब से बिहार तक बनी मौसमी ट्रफ और 18 जून से सक्रिय होने वाले नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रह सकता है। इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
बारिश और उमस के बीच राज्य में बिजली की मांग भी बढ़ गई है। सोमवार शाम 5:45 बजे बिजली की मांग 13,036 मेगावाट तक पहुंच गई थी, जो रात 8 बजे के बाद घटकर करीब 12 हजार मेगावाट रह गई।
कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 17 से 19 जून तक पंजाब के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना भी बनी रहेगी। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।