जालंधर शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। मेयर विनीत धीर ने जानकारी दी कि शहर की सड़कों पर जल्द ही 97 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी, जिससे लोगों को स्वच्छ, बेहतर और किफायती सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही करीब 25 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिस पर 16 मार्च को होने वाली बैठक में चर्चा की जाएगी।
परियोजना के तहत कंपनी बाग और लम्मा पिंड चौक में बस वर्कशॉप और डिपो बनाए जाएंगे। कंपनी बाग में इस योजना के लिए खुदाई और सफाई जैसे शुरुआती काम भी शुरू कर दिए गए हैं।
इसके अलावा नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में भी कदम उठा रहा है। दो साल के लिए लगभग 9.54 करोड़ रुपये की लागत से दो रोड-स्वीपिंग मशीनें तैनात की जाएंगी, जिससे शहर की सड़कों की नियमित मैकेनिकल सफाई सुनिश्चित हो सकेगी।