पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीती रात से ही कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं, जबकि फरीदकोट, अमृतसर और पटियाला में आधी रात के बाद हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं पठानकोट से लेकर लुधियाना तक कई जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं और जालंधर, अमृतसर में सुबह से ही बारिश हो रही है।
ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने आज 15 मार्च के लिए गरज-चमक, तेज हवाओं, आंधी और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। पिछले 24 घंटों में तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान श्री आनंदपुर साहिब में 32.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेगी
मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला और संगरूर सहित 9 जिलों में ओले गिरने की संभावना है। वहीं तरन तारन, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, फिरोजपुर और मोगा में भी बादल गरजने, बिजली चमकने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और 17 मार्च की रात से एक और नया सिस्टम एक्टिव होगा। इसके कारण 20 मार्च तक राज्य में कई जगहों पर तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। अगले 24 घंटे तक गर्मी का असर रहेगा, लेकिन उसके बाद अगले 5 दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिरने की संभावना है, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ेगी।