जालंधर के लंबा पिंड चौक के पास स्थित ड्रेस गुरु क्लोथ हाउस में सोमवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखे कपड़ों को भारी नुकसान हुआ। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:15 बजे जब दुकान मालिक सागर दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें अचानक आग लगने का पता चला।
बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान के पीछे स्थित विनय नगर इलाके में भी नुकसान हुआ। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत अग्नि यंत्र और दुकान में मौजूद पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया। हालांकि दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही कर्मचारियों ने आग बुझा दी।
आग के कारण हुआ15–20 लाख का नुकसान
दुकान मालिक के मुताबिक इस घटना में करीब 15 से 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। धुएं के कारण दुकान में रखा काफी कपड़ा खराब हो गया। दुकान में कई लोगों की तैयार ड्रेस भी रखी हुई थीं, जो आग और धुएं से खराब हो गईं।
गायक कुलविंदर बिल्ला की ड्रेस भी जली
बताया जा रहा है कि पंजाबी गायक Kulwinder Billa की एक खास ड्रेस भी यहां तैयार की जा रही थी, जो उनके विदेश में होने वाले शो के लिए ऑर्डर की गई थी। आग की वजह से वह ड्रेस भी खराब हो गई।