मिडिल ईस्ट में जारी अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध नौवें दिन और ज्यादा खतरनाक हो गया है। इजराइल ने ईरान के तेल भंडार और रिफाइनरी से जुड़े ठिकानों पर बड़े हवाई हमले किए हैं। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल समेत खाड़ी के कई देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है।
ईरान ने किया 5 देशों पर हमला
ईरान ने पलटवार करते हुए 5 देशों पर हमले किए। इनमें इजराइल के अलावा कुवैत, सऊदी अरब, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) शामिल हैं। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि वे अमेरिका और इजराइल के खिलाफ छह महीने तक जंग लड़ने में सक्षम है।
जंग के बड़े अपडेट्स
इजराइल ने ईरान में 30 फ्यूल टैंक और 3 तेल डिपो पर हवाई हमले किए।
हमले तेहरान के तेल भंडारण केंद्रों को निशाना बनाकर किए गए।
ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजराइल, कुवैत, सऊदी अरब, बहरीन और UAE पर हमले किए।
ईरान की IRGC ने दावा किया कि वह 6 महीने तक युद्ध लड़ने में सक्षम है।
ईरान का कहना है कि उसने क्षेत्र में 200 से ज्यादा अमेरिकी-इजराइली ठिकानों को निशाना बनाया।
जंग में अब तक का नुकसान
ईरान में 6,668 सिविल इलाकों को निशाना बनाया गया।
हमलों में 5,535 घर और 1041 दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं।
14 मेडिकल सेंटर और 65 स्कूल भी हमलों की चपेट में आए।
युद्ध में अब तक 1483 लोगों की मौत हो चुकी है।
इजराइल में 1765 लोग घायल बताए गए हैं।
रेड क्रिसेंट के 13 सेंटर भी हमलों का शिकार हुए।
अन्य बड़े घटनाक्रम
इराक में ईरान समर्थित ग्रुप ने अमेरिकी ठिकानों पर 24 हमलों का दावा किया।
इस्फहान प्रांत में अमेरिका-इजराइल के हमलों में 11 लोगों की मौत हुई।
ईरान के तेल डिपो पर हमले में 4 टैंकर ड्राइवर मारे गए।
बहरीन में मिसाइल के मलबे से 3 लोग घायल हुए।
सऊदी अरब ने 33 ड्रोन हवा में ही मार गिराने का दावा किया।
ट्रम्प का बयान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान अब मिडिल ईस्ट का “दबंग” नहीं बल्कि “लूजर” बन गया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी हमलों में ईरान की नौसेना, वायुसेना और मिसाइल क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है और अंत में ईरान को सरेंडर करना पड़ सकता है।
परमाणु भंडार पर भी नजर
रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और इजराइल ईरान के यूरेनियम भंडार को कब्जे में लेने के लिए विशेष सैन्य अभियान पर विचार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ईरान के पास 60% तक समृद्ध करीब 400 किलो यूरेनियम मौजूद है।