मशहूर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर नैंसी ग्रेवाल की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस बार नैंसी की मां ने उनकी ही सोशल मीडिया आईडी से एक भावुक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने पहले लगाए गए आरोपों को लेकर माफी मांगी है।
कहा- लोगों के कहने पर लिए थे नाम
करीब 55 सेकेंड के इस वीडियो में नैंसी की मां बेहद टूटे हुए हाल में नजर आईं। उन्होंने कहा कि बेटी की मौत के बाद वह गहरे सदमे में हैं और उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि फोन और सोशल मीडिया पर लोगों के कहने पर उन्होंने कई लोगों के नाम ले लिए थे।
मां ने स्वीकार किया कि उस समय उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या बोल रही हैं। उन्होंने कहा कि लोग फोन पर कहते रहे कि “इसका नाम ले दो, उसका नाम ले दो” और वह वैसा ही करती गईं।
अब नैंसी की मां ने अपने पुराने बयानों से पीछे हटते हुए कहा है कि वह किसी निर्दोष को इस मामले में फंसाना नहीं चाहतीं। उन्होंने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि उनका किसी से कोई झगड़ा या दुश्मनी नहीं है और जो भी सच्चाई होगी, वह पुलिस जांच में सामने आ जाएगी।
नैंसी ग्रेवाल की मौत के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था और कई लोगों के नाम इसमें सामने आए थे। हालांकि मां के इस नए वीडियो के बाद उन लोगों को राहत मिली है जिन पर पहले आरोप लगाए जा रहे थे।