अमृतसर के जंडियाला गुरु क्षेत्र के गांव जबोवाल में देर रात 25 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मनीन्द्र सिंह उर्फ मन्ना के रूप में हुई है। वह विवाहित था और पांच माह की बेटी का पिता था।
बाइक सवारों ने किए 8 राउंड फायर
जानकारी के अनुसार, मनीन्द्र सिंह रोजाना की तरह रात करीब 10 बजे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह घर के नजदीक पहुंचा, पहले से घात लगाए मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावरों ने 7 से 8 राउंड फायरिंग की, जिनमें से 3 से 4 गोलियां उसकी पीठ में लगीं। गंभीर रूप से घायल मनीन्द्र सिंह सड़क पर गिर पड़ा।
गोलियों की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।