ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के हैबोवाल की गोगी मार्किट गोपाल नगर में एक खाली प्लॉट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास का इलाका धुएं और आग की लपटों से भर गया। जिसके बाद मार्किट में अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया।
दो स्कूल बसें आईं आग की चपेट में
चश्मदीदों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि प्लॉट में खड़ी दो स्कूल बसें इसकी चपेट में आ गईं। देखते ही देखते दोनों बसें धू-धू कर जलने लगीं और पूरी तरह खाक हो गईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की ऊंची लपटें और जलती हुई बसें साफ दिखाई दे रही हैं।
झुग्गी से शुरू हुई आग
मिली जानकारी के मुताबिक खाली प्लॉट में एक झुग्गी बनी हुई थी। दोपहर के समय सबसे पहले इसी झुग्गी में आग लगी। शुरुआती कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन गर्म मौसम और तेज हवाओं के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में खतरनाक रूप ले लिया। आग के फैलने से झुग्गी के आसपास रखा महिलाओं का घरेलू सामान भी इसकी चपेट में आ गया। आग में यह सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे प्रभावित परिवारों को नुकसान उठाना पड़ा।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, जबकि सूचना मिलने पर संबंधित विभाग भी मौके पर पहुंचा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।