ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के खन्ना के पास गांव घणगस के एक युवक की अमेरिका में मौत हो गई। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। मृतक की पहचान 29 वर्षीय महक सिंह के रूप में हुई है। वह 1 अप्रैल 2024 को बेहतर भविष्य की तलाश में कनाडा गया था और बाद में अमेरिका चला गया। अमेरिका के इंडियाना में वह एक स्टोर पर काम कर रहा था।
परिवार से आखिरी बातचीत
मृतक के पिता उदय सिंह ने बताया कि उनकी बेटे से आखिरी बार 15 अप्रैल को बात हुई थी। उस समय वह बिल्कुल ठीक था और परिवार की चिंता कर रहा था। वहीं, उसकी बुआ सुखविंदर कौर ने बताया कि 21 अप्रैल को भी महक से बातचीत हुई थी और वह सामान्य तरीके से बात कर रहा था। वह अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की तैयारी कर रहा था।
22 अप्रैल को मिली मौत की सूचना
परिजनों को 22 अप्रैल की सुबह फोन के जरिए महक सिंह की मौत की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि उसकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।