लुधियाना के साहनेवाल में वैष्णो देवी से दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी रजनीश शर्मा ने बताया कि उनके बुआ के बेटे नरेंद्र कुमार (46), जो देहरादून के आदर्श नगर हरिद्वार रोड के रहने वाले थे, अपनी पत्नी रितेश, बेटे यश कुमार और बेटी रिया कुमारी के साथ ऑल्टो कार में सवार होकर माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद घर लौट रहे थे।
हादसे का शिकार हुई ऑल्टो कार
जानकारी के अनुसार, 16 जून की सुबह करीब 4:30 बजे जब परिवार की कार साहनेवाल स्थित गुरुद्वारा रेरू साहिब के सामने पहुंची, तभी आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही ऑल्टो कार वाहन से टकरा गई और हादसे का शिकार हो गई।
दुर्घटना में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नरेंद्र कुमार को इलाज के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर-32 सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
मृतक नरेंद्र कुमार निजी कंपनी में नौकरी करते थे। थाना साहनेवाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।