जालंधर के गोराया से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मुख्य चौक पर खुलेआम गुंडागर्दी देखने को मिली। भीड़भाड़ वाले इलाके में कुछ युवकों ने कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, गांव राजगुमाल निवासी जसविंदर कुमार ने बताया कि वह एक लड़की से बात कर रहा था, जिसको लेकर विवाद हो गया। इसके बाद वह गोराया पहुंचा, जहां कार से उतरते ही कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया और बेरहमी से पिटाई की।
लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घायल युवक को निजी एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।स्थानीय लोगों और व्यापारियों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गोराया मेन चौक पर पुलिस की मौजूदगी नहीं है, जबकि पहले यहां डायल 112 की गाड़ी और पुलिस नाका नियमित रूप से लगा रहता था।
जांच में जुटी पुलिस
देर शाम एसएचओ गुरैया और पुलिस कर्मचारी नाका लगाकर खड़े रहते थे। लेकिन लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पुलिस मेन चौक से गायब है। शहर के सोशल मीडिया समूहों में दुकानदारों, व्यापारियों और शहरवासियों द्वारा पुलिस प्रशासन की कड़ी निंदा की जा रही है। वहीं, मामले को लेकर एसएचओ परमिंदर सिंह थिंद ने कहा कि पुलिस जांच में जुटी हुई है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।