जालंधर के न्यू दशमेश नगर में हुए डबल मर्डर मामले ने नया मोड़ ले लिया है। विदेश में बैठे गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर सौरभ और सिमरनजीत उर्फ पप्पू की हत्या की जिम्मेदारी ली है। हालांकि इस पोस्ट की जिम्मेदारी ख़बरिस्तान नेटवर्क नहीं करता ।
पोस्ट में गैंगस्टर ने दावा किया कि दोनों युवकों ने जेल में उसके साथी सुखमन बराड़ को नुकसान पहुंचाया था और यह उसी का बदला है। उसने यह भी लिखा कि सिमरनजीत उर्फ पप्पू पहले उनके साथ काम करता था।
गैंगस्टर ने सौरभ के साथियों को भी धमकी दी और कहा कि अब उनकी बारी है। पोस्ट के अंत में “जोगा फोलड़ीवाल” और “खत्री ग्रुप नवांशहर” का नाम लिखा गया है।
गैंगस्टर ने यह भी दावा किया कि सौरभ की हत्या उसके इशारे पर की गई और हमलावरों को पिस्टल व गोलियां उपलब्ध कराई गई थीं। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बता दें कि शुक्रवार को न्यू दशमेश नगर में हुई गोलीबारी में सिमरनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सौरभ ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इसके बाद मामला डबल मर्डर में बदल गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस ने 7 नामजद आरोपियों की पहचान कर ली है, जबकि 2 अन्य की तलाश जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जालंधर और आसपास के जिलों में छापेमारी की जा रही है।
मृतकों के परिवारों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना से एक दिन पहले हुए झगड़े की शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।