ख़बरिस्तान नेटवर्क : ईरान-इज़रायल और अमेरिका के बीच लगातार चल रहे जंग के कारण भारत में LPG सिलेंडर की परेशानी झेलनी पड़ रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग LPG सिलेंडर लेने के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगे हुए हैं। पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक से होटलों और रेस्टोरेंट्स ने मेन्यू कम कर दिए हैं।
पंजाब में सिर्फ 2-3 दिन का बचा है स्टॉक
पंजाब में LPG के कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई लगभग ठप हो गई है और सिर्फ 2 से 3 दिन का स्टॉक बचा है। इसका असर अब 10 हजार शादियों पर पड़ सकता है और शादियों में खाने की वैरायटी कम होने की आशंका है। गैस एजेंसियां पहले पुरानी बुकिंग क्लियर कर रही हैं, जिससे करीब 7 से 8 दिन की पेंडेंसी चल रही है।
जालंधर में 3500 में मिल रहा है सिलेंडर
जालंधर में घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत है। घरेलू उपभोक्ताओं को अब 15 दिन के बजाय महीने में केवल एक बार बुकिंग की अनुमति मिल रही है, वहीं कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई ठप होने के बाद लोग ब्लैक में कॉमर्शियल सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर हैं। 10 दिन पहले जो सिलेंडर 1600 रुपए का था, वो अब 3500 रुपए मिला रहा है।
पंजाब के कई जिलों में सर्वर डाउन
वहीं लुधियाना और फरीदकोट में सर्वर डाउन होने के कारण घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग भी नहीं हो पा रही है। इसके अलावा फरीदकोट, होशियारपुर और पटियाला समेत कई जिलों में सोमवार से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई बंद है।