लुधियाना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब राह चलती महिलाएं भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं। ताजा मामला एटीआई रोड स्थित करतार चौक का है, जहां अलसुबह पैदल घर जा रही एक महिला को चार नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया। हथियार के बल पर लूट की इस वारदात का पूरा घटनाक्रम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना 16 जून सुबह करीब 4 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि महिला सड़क पर पैदल जा रही थी। इसी दौरान दो बाइक और एक एक्टिवा पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे। पहले बाइक सवार युवकों ने महिला को रोकने की कोशिश की और कुछ दूरी पर जाकर रुक गए। इसके बाद एक्टिवा पर सवार दो अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच गए।
एक्टिवा से उतरे एक युवक, जिसने सफेद रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, ने महिला को तेजधार हथियार दिखाकर डराने का प्रयास किया। हालांकि महिला ने हिम्मत दिखाई और बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। खुद को बचाने के लिए पीछे हटते हुए वह आगे भागी, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा किया और किसी भारी वस्तु से उस पर हमला कर दिया। इस दौरान हाथापाई में बदमाश के हाथ से हथियार भी नीचे गिर गया।
इसके बावजूद आरोपी ने दोबारा हथियार उठाया और महिला से लूटपाट की कोशिश जारी रखी। जब वह महिला के हाथ से लिफाफा नहीं छीन सका तो उसका मोबाइल फोन झपट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथी की एक्टिवा पर बैठकर फरार हो गया।
महिला ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया और शोर मचाया, लेकिन सुबह का समय होने के कारण चारों आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त की कमी के चलते सुबह और देर रात ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।