ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में कैबिनेट LPG गैस सिलेंडर की किल्लत को देखते हुए पठानकोट में एक गैस एजेंसी पर कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारुचक्क ने रेड की। तंगोशाह गैस एजेंसी पर पहुंचते उन्होंने देखा कि बाहर लोगों की लाइनें लगी हुई हैं। इसके बाद वह गैस एजेंसी के अंदर गए और उन्होंने वहां के कर्मचारियों को फटकार लगाई।
सुबह-सुबह रेड करने पहुंचे मंत्री
कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क वीरवार सुबह 9 बजे के आस-पास तारागढ़ तंगोशाह की दीनानगर गैस सर्विस गैस एजेंसी पर पहुंचे। जहां देखा कि लोगों की लंबी लाइन थी और 300-400 के करीब लोग लाइनों में खड़े थे। मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने लोगों से मुलाकात की और हालात जाने।
इस दौरान लोगों ने बताया कि उनमें से कुछ लोग सुबह 4 तो कुछ 5 बजे से लाइनों में लगे हैं। कुछ लोग पिछले 3-3 दिन से लाइनों में लग रहे हैं पर उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा। जिसके बाद कैबिनेट मंत्री को गुस्सा आ गया और अधिकारियों को एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दे दिए।
मंत्री ने की गैस एजेंसी पर कार्रवाई की मांग
कर्मचारियों को फटकार लगाने के बाद मंत्री कटारुचक्क ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) को फोन कर संबंधित एजेंसी मालिकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) राज ऋषि मेहरा ने कैबिनेट मंत्री को आश्वस्त किया कि लोगों को परेशान करने वाले गैस एजेंसी मालिकों पर कार्रवाई की जाएगी।