पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह मोहाली में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने 14 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पंजाब का अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। बुधवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में दर्ज किया गया। हालांकि सक्रिय मौसम प्रणाली और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव बना रहेगा।
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), कपूरथला, जालंधर और फतेहगढ़ साहिब समेत कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। 12 जून को पूरे पंजाब के 22 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर झोंकों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम के इस बदले रुख के बीच मंगलवार शाम मानसा में आए तेज तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसा भी हुआ। लल्लूआणा रोड पर तेज आंधी के चलते एक लोहे का गेट दीवार समेत गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 9 वर्षीय दिलशान इंसां की मौत हो गई। वह अपने दादा के साथ दूध लेने जा रहा था। दिलशान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। बुधवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया।
भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग भी लगातार बढ़ रही है। बुधवार को पंजाब में बिजली की मांग 14,500 मेगावाट से अधिक दर्ज की गई, जिसके चलते कई शहरों में बिजली कटौती की स्थिति बनी रही।
उधर, बढ़ते तापमान को देखते हुए मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन ने हीट स्ट्रोक को लेकर एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, सिर ढककर बाहर निकलने, ओआरएस और तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाने तथा दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में अभी मानसून नहीं पहुंचा है, लेकिन पंजाब से बिहार तक बने मौसम तंत्र और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले तीन दिनों तक मौसम सुहावना रहने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।