ख़बरिस्तान नेटवर्क : चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सनी मेहरा के रूप में बताई जा रही है जो जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले का रहने वाला है।
जांच में सामने आया की सनी मेहरा करीब 2 महीने से दिल्ली के रेस्टोरेंट में काम कर रहा था और इस दौरान वह अपने घर नहीं गया।
घटना की नई सीसीटीवी फुटेज भी आई सामने
वहीं नई सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। इसमें दिख रहा है कि हमलावर पहले कुमार ब्रदर्स केमिस्ट शॉप में पहुंचे थे। वहां वे करीब 10 सेकेंड तक रुके और काउंटर पर खड़े लोगों को ध्यान से देखते रहे। इसके बाद वे बिना किसी वारदात के वहां से निकल गए और सीधे श्री कुमार मेडिकल स्टोर पहुंच गए, जहां उन्होंने कैशियर जानकी दास पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
तुर्किए से बने हथियार से हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक चंडीगढ़ में हुई किसी वारदात में इस गन का पहली बार इस्तेमाल किया गया है। यह हथियार तुर्किये में बना है। इंटरनेशनल बाजार में इसकी कीमत 8 लाख रुपए तक है। इससे पहले इस पिस्टल का इस्तेमाल पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में किया गया था।