अमेरिका के मिसौरी राज्य में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। स्काइडाइविंग के लिए यात्रियों को ले जा रहा एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की चपेट में आ गया। हादसे में विमान में सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई।
मिसौरी स्टेट हाईवे पेट्रोल के अनुसार, यह हादसा रविवार सुबह करीब 11:30 बजे बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के पास हुआ। विमान एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ समय बाद पास के एक खेत में गिर गया और उसमें आग लग गई। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना स्थल का दृश्य बेहद भयावह था। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की सड़कें भी बंद कर दी गईं। हादसे की जांच अब नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) करेगा।
दुर्घटनाग्रस्त विमान पैसिफिक एयरोस्पेस 750XL मॉडल का था। यह एक इंजन वाला विमान है, जिसका इस्तेमाल स्काइडाइविंग, माल ढुलाई और मेडिकल सेवाओं में किया जाता है। यह विमान एक बार में 17 स्काइडाइवर्स को ले जाने में सक्षम है।
संघीय विमानन प्रशासन (FAA) के रिकॉर्ड के अनुसार, यह विमान वर्ष 2010 में बनाया गया था। फिलहाल मृतकों की पहचान और उनके गृह नगरों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
बटलर शहर कैनसस सिटी से लगभग 65 मील दक्षिण में स्थित है। इस क्षेत्र में स्काइडाइविंग गतिविधियां आमतौर पर मार्च से नवंबर तक चलती हैं। स्थानीय स्काइडाइविंग कंपनी ने घटना पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।