मेक्सिको की राजधानी मेक्सिको सिटी में शुक्रवार को 6.5 तीव्रता के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान सेवा के अनुसार, भूकंप के समय राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम नववर्ष की प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही थीं, जिसे सुरक्षा कारणों से बीच में रोकना पड़ा। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
मेक्सिको की राष्ट्रीय भूकंपीय एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र दक्षिणी राज्य गुरेरो में प्रशांत तट के पास सैन मार्कोस कस्बे के नजदीक था, जो रिसॉर्ट शहर अकापुल्को से सटा हुआ क्षेत्र है। भूकंप के बाद 500 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए, जिससे लोगों में दहशत बनी रही।
गुरेरो की गवर्नर एवलिन साल्गाडो ने बताया कि भूकंप के केंद्र के पास एक छोटे समुदाय में 50 वर्षीय महिला की घर गिरने से मौत हो गई। वहीं, गुरेरो की राजधानी चिलपांसिंगो में एक अस्पताल को भारी नुकसान पहुंचा, जिसके बाद कई मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।
मेक्सिको सिटी और अकापुल्को में झटके महसूस होते ही स्थानीय लोग और पर्यटक सड़कों पर निकल आए। मेक्सिको सिटी की मेयर क्लारा ब्रुगाडा ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत इमारत खाली करते समय गिरने के बाद अचानक चिकित्सीय आपात स्थिति के कारण हुई।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप लगभग 35 किलोमीटर की गहराई पर, अकापुल्को से करीब 57 मील उत्तर-पूर्व में गुरेरो के पहाड़ी इलाके में आया था। हालात सामान्य होने पर राष्ट्रपति शीनबाम ने कुछ समय बाद अपनी प्रेस ब्रीफिंग दोबारा शुरू की।
अकापुल्को के पास रहने वाले डॉक्टर और मानवाधिकार रक्षक जोस रेमुंडो डियाज़ तबोडा ने बताया कि भूकंप से ठीक पहले उन्होंने तेज गड़गड़ाहट सुनी और मोबाइल फोन पर अलर्ट मिला, जिसके तुरंत बाद जोरदार कंपन महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर उन्होंने जरूरी सामान से भरा बैग तैयार रखा था, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत बाहर निकल सकें।