लुधियाना में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 7 बजे ई-मेल के जरिए सीबीएसई से संबंधित तीन स्कूलों को धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें स्कूल परिसर में बम होने का दावा किया गया था।
धमकी भरा मेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसरों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और स्कूलों की गहन जांच जारी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी तरह की अफवाह से बचें और घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए हैं।