ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर नगर निगम की तरफ से सिविल लाइंस में होटल पार्क प्लाजा की कार्रवाई का विरोध करने वाले नेताओं को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेश होने वाले नेताओं में पूर्व मंत्री व भाजपा नेता मनोरंजन कालिया, पूर्व सांसद व भाजपा नेता सुशील रिंकू और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल में शामिल हैं।
जानें क्या है पूरा मामला
होटल पार्क प्लाजा पर जालंधर प्रशासन की कार्रवाई को चुनौती देते हुए पंजाब केसरी ग्रुप ने कोर्ट का रुख किया था। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने इस पर स्टे लगा दिया। इसके बाद नगर निगम टीम ने मंगलवार को होटल पर कार्रवाई करते हुए उसकी दीवार पर डिच मशीन चला दी। जिसका विपक्षी पार्टियों की तरफ से विरोध हो रहा है।
भाजपा नेता कोर्ट में हुए पेश
इस दौरान भाजपा के नेता इकट्ठे हुए और उन्होंने इसका विरोध किया। जिस कारण मौके पर भारी पुलिस फोर्स को बुलाना पड़ा। पुलिस ने देर रात तीनों नेताओं को सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में डिटेन कर लिया। सुबह उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जिसकी सुनवाई चल रही है। जल्द इस मामले पर कोर्ट फैसला सुना सकती है।
विपक्षी पार्टियों ने सरकार को घेरा
वहीं इस मामले को लेकर पंजाब की विपक्षी पार्टियो कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा ने आप सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वतंत्र आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने होटल पार्क प्लाजा पर की गई कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला तक कह दिया है।