राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम इलाके से बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक चार मंजिला मकान में भीषण आग लगने से कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान से हुई, जो तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई।
आग लगते ही अफरा-तफरी मची
घटना के समय मकान में कुल 18 लोग मौजूद थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से छलांग लगा दी, जबकि बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता आग की चपेट में आने से कई लोग अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पालम मेट्रो स्टेशन के पास गली नंबर 2 में हुई इस घटना के बाद दमकल की करीब 30 गाड़ियां आग बुझाने और फंसे लोगों को निकालने में जुटी रहीं। सुबह करीब 7 बजे कॉल मिलने के बाद से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।