उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। हादसा मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में हुआ।जानकारी के अनुसार, एक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और वह बेकाबू होकर आगे चल रही बोलेरो और कार से टकरा गया।
टक्कर के बाद बोलेरो उछलकर अलग जा गिरी और उसमें आग लग गई, जिससे उसमें सवार 9 लोग जिंदा जल गए। वहीं, कार ट्रक और ट्रॉले के बीच फंस गई, जिसमें कार चालक और ट्रक का क्लीनर भी मारे गए।
मृतकों में एक ही परिवार के 8 लोग शामिल हैं, जो मैहर से बेटे का मुंडन कराकर अपने गांव नरैना (जिगना, मिर्जापुर) लौट रहे थे। हादसे में एक 8 साल के बच्चे और उसकी मां की भी जान चली गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसा ट्रक के ब्रेक फेल होने और तेज रफ्तार के कारण हुआ। मामले की जांच जारी है।