हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। हादसा पुखरी-मसरूंड मार्ग पर उस समय हुआ जब मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे लोगों की बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में तीन सगे भाई भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी मृतक महल गांव के निवासी थे और काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार की धाम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि यह हादसा देर रात हुआ, लेकिन जानकारी सुबह मिली।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और खाई में उतरकर शवों को बाहर निकाला। बाद में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।