पंजाब और चंडीगढ़ में आज से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। वेस्टर्न डिस्टर्बन्स के सक्रिय होने के कारण 18 जून से 23 जून तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राज्य के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बठिंडा में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हालांकि फिलहाल लोगों को लू से राहत मिलने की संभावना है।
आज नवांशहर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली सहित 15 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और आंधी का असर पूरे क्षेत्र में एक साथ नहीं बल्कि चुनिंदा इलाकों में देखने को मिलेगा।
विभाग के अनुसार पंजाब से बिहार तक फैली मौसमी ट्रफ और उत्तर पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। दक्षिण पंजाब के कई जिलों में ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है, जिससे बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने 19 से 21 जून तक अधिकांश जिलों में बारिश और कई इलाकों में तेज आंधी व गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।