जालंधर के बस्ती शेख इलाके में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला मोहल्ला सतरा का है, जहां घर के बाहर खड़ा एक ऑटो चोरी हो गया। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सनी पुत्र जीत लाल ने बताया कि वह रोज की तरह रात करीब 9 बजे अपना ऑटो घर के बाहर खड़ा कर घर के अंदर चला गया था। सुबह काम पर जाने के लिए बाहर निकला तो ऑटो अपनी जगह से गायब मिला। काफी तलाश के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं लग सका।
ऑटो चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी। CCTV फुटेज की जांच में सामने आया कि रात करीब 1 बजे के बाद एक व्यक्ति मौके पर पहुंचा और बिना ऑटो स्टार्ट किए उसे धीरे-धीरे धक्का देकर वहां से ले गया। आरोपी कुछ ही देर में अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। लोगों ने चोरी हुए ऑटो की जल्द बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।